पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 और पीसीएस मुख्य परीक्षा-2016 के परिणाम जल्द घोषित किए जा सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा की कॉपियों की स्कैनिंग और मुख्य परीक्षा की कॉपियों को जांचने का काम अब अंतिम दौर में है। सबकुछ ठीक रहा तो दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत तक दोनों परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम से पहले उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) इसकी आंसर-की जारी करेगा।
कोर्ट ने यह भी कहा था कि संशोधन के बाद जो अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल होंगे, उनके लिए अलग से मुख्य परीक्षा कराई जाए और जो मुख्य परीक्षा दे चुके हैं और प्रारंभिक परीक्षा में असफल होते हैं, उनका अभ्यर्थन निरस्त किया जाए। आयोग ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल की थी और सुप्रीमकोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी थी। इसके बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू कराया, जो अब अंतिम दौर में है।
आयोग की तैयारी है कि दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत में मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया जाए। हालांकि, मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, सो परीक्षा का अंतिम परिणाम सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर ही निर्भर करेगा। वहीं, पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 की कॉपियों की स्कैनिंग का काम भी अंतिम चरण में है। जल्द ही आयोग इसकी नवंबर के अंत तक आयोग इसकी आंसर-की जारी करने की तैयारी में है।
आंसर-की जारी होने के बाद आयोग प्रतियोगियों से इस पर आपत्ति मांगेगा और आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही आयोग प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी करेगा। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि पूरी कोशिश की जा रही है कि दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत तक दोनों परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए जाएं।
लाखों प्रतियोगियों को परिणाम का इंतजार
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 का आयोजन 24 सितंबर को किया गया था। परीक्षा प्रदेश में 21 जिलों के 982 केंद्रों में कराई गई थी। प्रदेश भर से परीक्षा के लिए कुल चार लाख 55 हजार 297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और इनमें से दो लाखा 46 हजार 710 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिन्हें अब परिणाम का इंतजार है।
वहीं, पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2016 में 633 पदों के लिए कुल चार लाख 36 हजार 413 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से दो लाख 50 हजार 696 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। कुल 14 हजार 615 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए थे। मुख्य परीक्षा वर्ष 2016 में 20 सितंबर से पांच अक्तूबर तक आयोजित की गई थी, जिसमें 12 हजार 897 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

No comments:
Post a Comment